Maharajganj

मतदान को कल रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, तैयारी पूरी


महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- 
 जनपद में तीन मार्च को 2221 बूथों पर मतदान होगा। पोलिंग पार्टियां बुधवार को सुबह छह बजे से रवाना होनी शुरू हो जाएंगी। निर्भीक, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान के लिए मंगलवार को अधिकारियों व कर्मचारियों ने हर कार्य का प्रशिक्षण कराया। आयोग से आए प्रेक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येन्द्र कुमार, एसपी प्रदीप गुप्ता, उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा, सीडीओ गौरव सिंह सोगरवाल ने कलक्टे्रट मातहतों को दिशा निर्देश भी दिया। एनआईसी सभागार में प्रेक्षकों व डीएम सत्येन्द्र कुमार की उपस्थिति में माइक्रो आब्जर्वर व पोलिंग पार्टियों का अंतिम रैंडमाइजेशन हुआ। रैंडमाइजेशन के दौरान पोलिंग पार्टियों को उनके बूथों का आवंटन किया गया। जनपद में कुल 2221 बूथों के लिए रिजर्व पोलिंग पार्टी समेत कुल 2446 पोलिंग पार्टी का रैंडमाइजेशन किया गया। इसी प्रकार सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 59 रिजर्व  समेत 294 माइक्रो आब्जर्वर को नियुक्त किया गया है। इनका भी अंतिम रैंडमाइजेशन किया गया। चुनाव आयोग से आए प्रेक्षक सदर ने निर्देशित करते हुए कहा कि पोलिंग पार्टियों को समय से संबंधित बूथ के लिए रवाना कर दिया जाए। पोलिंग पार्टियां विधानसभावार बने स्ट्रांग रूम के पास से रवाना होंगी। इसमें फरेंदा की पोलिंग पार्टी टे्रजरी पश्चिमी हाल से, नौतनवा की  कलक्टे्रट के दक्षिणी व पश्चिमी हाल से, सिसवा की ट्रेजरी के उत्तरी हाल से, सदर की कलेक्ट्रेट के पूर्वी हाल से, पनियरा की ट्रेजरी के पूर्वी हाल से रवाना होंगी। मतदान कराने के बाद यहीं वापस भी आएंगी। पोलिंग पार्टियां बुधवार सुबह से रवाना होंगी। इसमें सिसवा विधान सभा क्षेत्र की पोलिंग पार्टी के लिए दीवानी कार्यालय के सामने (लाइब्रेरी के सामने)से, पनियरा की पार्टी के लिए दीवानी कार्यालय के सामने (लाइब्रेरी के सामने)से, नौतनवा की पार्टी एसपी आफिस के पीछे (एआरटीओ आफिस के सामने)से, महराजगंज की एसपी आवास के सामने (एडीएम आवास के पीछे)से, फरेंदा विधान सभा की एसपी आवास के सामने (एडीएम आवास के पीछे)से पोलिंग पार्टियों के लिए गाड़ियां लगी रहेंगी। इसके अलावा मतदान कार्मिक, माइक्रो आब्जर्वर, पुलिस बल, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, कैमरा मैन व अन्य कर्मचारियों के लिए गाड़ी लोहिया पार्क मुख्यालय पर  खड़ी रहेंगी। वहां से रवानगी होगी।

यह भी पढ़ें : चार उपनिरीक्षक सहित 14 के तबादले, अंकित सिंह बने सोनौली के चौकी इंचार्ज